Dog Feeding Points: ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर होने वाले विवादों को खत्म करने के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के विभिन्न इलाकों में 1200 विशेष फीडिंग प्वाइंट विकसित करने की योजना बनाई है। इन स्थानों पर पक्के चबूतरे बनाए जाएंगे, जहां पशु प्रेमी निर्धारित तरीके से आवारा कुत्तों को भोजन दे सकेंगे। 1.9 करोड़ रुपये खर्च इस परियोजना पर करीब 1.9 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण ने निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है और अगले एक-दो महीनों में काम शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, फीडिंग प्वाइंट तय करने से पहले स्थानीय निवासियों, आरडब्ल्यूए, एओए और पशु प्रेमियों से चर्चा की जाएगी। सभी पक्षों की सहमति मिलने के बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा। यदि किसी स्थान को लेकर सहमति नहीं बनती है, तो इसके लिए गठित सात सदस्यीय समिति अंतिम निर्णय लेगी। जरूरत पड़ने पर बढ़ेगी संख्या फिलहाल ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट में 1200 संभावित स्थानों की पहचान की गई है। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। प्रत्येक फीडिंग प्वाइंट पर सूचना बोर्ड लगाया जाएगा, जिससे लोगों को निर्धारित स्थान की जानकारी मिल सके। प्राधिकरण का मानना है कि इस व्यवस्था से आवारा कुत्तों को भोजन देने की प्रक्रिया व्यवस्थित होगी और सोसाइटियों में रहने वाले लोगों तथा पशु प्रेमियों के बीच होने वाले विवाद कम होंगे। कई बार ऐसे मामलों में तनाव इतना बढ़ जाता है कि पुलिस हस्तक्षेप तक करना पड़ता है। SC के दिशा-निर्देशों का पालन सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है, ताकि पशुओं की देखभाल भी हो और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा भी न हो। प्राधिकरण को उम्मीद है कि यह मॉडल शहर में बेहतर सामाजिक समन्वय और व्यवस्था स्थापित करने में मददगार साबित होगा। ये भी पढ़ें: Noida crime news: पार्किंग झगड़ा बना खूनखराबा, IIT पासआउट के गुस्से में 77 वर्षीय की मौत