Noida International Airport: दिल्ली बॉर्डर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के लिए नया रास्ता तैयार करने की योजना बनाई गई है। प्रस्ताव के मुताबिक डीएनडी फ्लाईवे से यमुना एक्सप्रेसवे तक 8 लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। यह मार्ग यमुना तटबंध के समानांतर रहेगा और एयरपोर्ट तक पहुंच को आसान बनाने में मदद करेगा। क्यों बदला गया प्लान शुरुआत में सड़क को यमुना तटबंध पर बनाने की योजना थी। हालांकि उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने इसके लिए एनओसी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद योजना में बदलाव किया गया। अब तटबंध पर सड़क बनाने के बजाय उसके समानांतर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे तैयार किया जाएगा। NHAI को मिली जिम्मेदारी करीब 35.1 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) पूरा करेगा। प्रस्ताव के तहत 8 लेन का एलिवेटेड स्ट्रक्चर बनाया जाएगा। इसके साथ दो लेन मौजूदा सड़क नेटवर्क से भी जुड़ेंगी। अधिकारियों की बैठक में फैसला सोमवार को नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण और NHAI के अधिकारियों की बैठक हुई। इसी बैठक में परियोजना को नए स्वरूप में आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। शासन स्तर पर भी इसकी जिम्मेदारी NHAI को सौंप दी गई है। ऐसा होगा पूरा रूट प्रस्तावित एक्सप्रेसवे की शुरुआत डीएनडी फ्लाईवे के टोल प्लाजा के पास से होगी। इसके बाद यह यमुना तटबंध के समानांतर आगे बढ़ेगा। रास्ते में चिल्ला रेगुलेटर, सेक्टर-94 और मयूर विहार लिंक जैसे प्रमुख बिंदु आएंगे। इसका अंतिम छोर गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के पास स्थित घरबरा गांव होगा। यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ाव घरबरा पहुंचने के बाद यह मार्ग सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। चिल्ला बनेगा अहम जंक्शन इस परियोजना के बाद डीएनडी फ्लाईवे और चिल्ला क्षेत्र की अहमियत बढ़ सकती है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और दिल्ली-सहारनपुर एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी भी इसी क्षेत्र से जुड़ती है। ऐसे में यह इलाका बड़े ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित हो सकता है। किन लोगों को मिलेगा फायदा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले से आसान हो सकता है। वहीं फरीदाबाद, बदरपुर, पूर्वी दिल्ली और दक्षिण दिल्ली के लोगों को भी सीधा मार्ग मिलने की उम्मीद है। उन्हें नोएडा शहर के अंदरूनी ट्रैफिक से नहीं गुजरना पड़ेगा। आगरा, मथुरा, कानपुर, लखनऊ, ग्वालियर और झांसी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी इसका लाभ मिल सकता है। नया मार्ग उन्हें नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के जाम से बचाते हुए सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचने का विकल्प देगा। पहले भी बनी थी योजना ओखला बैराज से घरबरा तक यमुना तटबंध पर सड़क बनाने का प्रस्ताव पहले भी सामने आया था। लेकिन सिंचाई विभाग से मंजूरी नहीं मिलने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी थी। रिपोर्ट पहले से तैयार NHAI इस रूट की फिजिबिलिटी रिपोर्ट पहले ही तैयार करा चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-एनसीआर और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्रीय ट्रैफिक को व्यवस्थित करने में भी मदद मिल सकती है। ये भी पढ़े : Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में नशे में युवती का हंगामा, सड़क पर ड्रामा और सिगरेट-बोतल के साथ वीडियो वायरल