उत्तर प्रदेश

सैफई में डिंपल यादव ने किया भंडारा, राम मंदिर और लखनऊ हादसे पर सरकार को घेरा

बड़ा मंगल के अवसर पर सैफई पहुंचीं डिंपल यादव ने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने लखनऊ हादसे और राम मंदिर चढ़ावा मामले पर सरकार को घेरा।

Reported by Rohit Singh Chauhan and edited by Tanvi Pandey

Dimple Yadav: बड़ा मंगल के अवसर पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव अपने पैतृक गांव सैफई पहुंचीं, जहां उन्होंने हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन कराया। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश सरकार और भाजपा पर कई सवाल खड़े किए। डिंपल यादव ने कहा कि बड़ा मंगल सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है। इसी भावना के साथ वह मंदिर पहुंचीं और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने और जरूरतमंदों की सहायता करने की परंपरा भारतीय संस्कृति की पहचान है।

लखनऊ अग्निकांड का किया जिक्र

पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने लखनऊ में हुए हालिया अग्निकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि राहत एवं बचाव कार्य में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की मांग की।

डिंपल का सरकार पर वार

राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर भी डिंपल यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उनके अनुसार यदि वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उसे दबाने की कोशिश की गई।

राजनीति करने का आरोप

इसके अलावा उन्होंने भाजपा पर अन्य राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को अपने साथ जोड़ने की राजनीति करने का आरोप लगाया। डिंपल यादव ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों का सम्मान होना चाहिए और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर नहीं किया जाना चाहिए। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की संपत्ति में कथित बढ़ोतरी से जुड़े सवाल पर भी उन्होंने जांच की मांग की। डिंपल यादव ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर SIT की रिपोर्ट तैयार, शासन को सौंपी रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »