LPG Restrictions Removed: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही सामान्य होने का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति पर लगाई गई अस्थायी पाबंदियों को हटाने का फैसला किया है। इसके साथ ही एलपीजी सप्लाई को संकट से पहले की स्थिति में बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संकट के बाद राहत पेट्रोलियम मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में पैदा हुए संकट के दौरान घरेलू उपभोक्ताओं को बिना रुकावट एलपीजी उपलब्ध कराने के लिए गैर-घरेलू (कमर्शियल) पैक्ड एलपीजी की सप्लाई सीमित कर दी गई थी। अब हालात सामान्य होने के बाद सभी क्षेत्रों के लिए यह प्रतिबंध समाप्त कर दिया गया है। सप्लाई बढ़ाने की मंजूरी सरकार ने बल्क एलपीजी आपूर्ति में भी राहत दी है। नए निर्देशों के तहत बल्क एलपीजी की सप्लाई को संकट से पहले के उपभोग स्तर के 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की अनुमति दी गई है। इससे उद्योगों, होटलों, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक संस्थानों को राहत मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को सभी कमर्शियल और औद्योगिक उपभोक्ताओं का डेटा एकीकृत रूप से रिकॉर्ड करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में सप्लाई प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके। PNG अपनाने की सलाह इसके साथ ही सरकार ने उन उपभोक्ताओं से, जिनके पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन उपलब्ध है, लंबे समय के समाधान के तौर पर PNG का उपयोग जारी रखने की अपील की है। सरकार का मानना है कि इससे एलपीजी पर दबाव कम होगा और ऊर्जा आपूर्ति अधिक संतुलित रह सकेगी।