World's Highest Railway Station: भारत जल्द ही रेलवे के क्षेत्र में एक ऐसा रिकॉर्ड बना सकता है, जिसकी चर्चा दुनियाभर में होगी। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से लद्दाख के लेह तक रेललाइन पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है। इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इसके तहत समुद्र तल से 17,244 फीट की ऊंचाई पर रेलवे स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। अगर योजना जमीन पर उतरती है, तो भारत दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकता है। चीन का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी प्रस्तावित स्टेशन लद्दाख में तंगलांग ला दर्रे के पास टेंगला में बनाया जा सकता है। इसकी ऊंचाई करीब 5,256 मीटर यानी 17,244 फीट होगी। फिलहाल दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड चीन के तंगगुला स्टेशन के नाम है, जो समुद्र तल से लगभग 5,068 मीटर यानी 16,627 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इस लिहाज से भारत का प्रस्तावित स्टेशन चीन के मौजूदा रिकॉर्ड से करीब 188 मीटर ऊंचा हो सकता है। हालांकि, यह उपलब्धि निर्माण पूरा होने और निर्धारित ऊंचाई पर स्टेशन बनने के बाद ही हासिल होगी। 489 किलोमीटर लंबी होगी रेललाइन बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन की कुल प्रस्तावित लंबाई करीब 489 किलोमीटर है। यह रेल कॉरिडोर हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से मनाली होते हुए लद्दाख के लेह तक पहुंचेगा। पहाड़ी इलाकों से गुजरने के कारण इसमें 62 सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है। इस रेललाइन के बनने से हिमालय के दुर्गम इलाकों को सीधा रेल संपर्क मिल सकेगा। फिलहाल इन क्षेत्रों में सड़क से सफर करना मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण काफी चुनौतीपूर्ण रहता है। खासकर सर्दियों में बर्फबारी के चलते कई सड़क मार्ग प्रभावित हो जाते हैं। 1.31 लाख करोड़ रुपये की आएगी लागत इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 1.31 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। रेल मंत्रालय की ओर से इसका सर्वे पूरा किया जा चुका है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) भी तैयार है। हालांकि, DPR तैयार होने का मतलब निर्माण की अंतिम मंजूरी मिलना नहीं है। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए अभी जरूरी सरकारी स्वीकृतियां मिलनी बाकी हैं। पहाड़ों के बीच रेललाइन बिछाना आसान नहीं हिमालय के दुर्गम इलाकों में रेलवे ट्रैक तैयार करना इंजीनियरिंग के लिहाज से बड़ी चुनौती होगा। यहां ऊंचे पहाड़, गहरी घाटियां, कम तापमान और भारी बर्फबारी निर्माण कार्य को मुश्किल बना सकते हैं। इसके अलावा इतनी ऊंचाई पर सुरंगों, रेलवे स्टेशन और अन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण करने के लिए विशेष तकनीक की जरूरत होगी। सुरक्षा बलों और पर्यटन को मिलेगा फायदा अगर यह रेललाइन बनकर तैयार होती है, तो स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और सुरक्षा बलों को भी फायदा मिल सकता है। इससे लद्दाख तक पहुंच आसान होगी और देश के उत्तरी सीमावर्ती क्षेत्रों में रेल नेटवर्क की कनेक्टिविटी भी मजबूत हो सकती है। फिलहाल यह परियोजना प्रस्तावित चरण में है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 1.31 लाख करोड़ रुपये की यह योजना कब मंजूरी पाकर निर्माण के चरण तक पहुंचेगी और क्या भारत वास्तव में दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड अपने नाम कर पाएगा? ये भी पढ़ें: दिल्ली में यमुना पर दौड़ेगा क्रूज! CM रेखा गुप्ता ने शुरू की रिवर सफारी, जानें टिकट से लेकर पूरे रूट तक की डिटेल