भारतराजनीति

सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा! मनमोहन सिंह चलाते थे सरकार, खुद संभालती थीं कांग्रेस की कमान

सोनिया गांधी ने नई किताब में यूपीए सरकार का अंदरूनी सच बताया। मनमोहन सिंह सरकार चलाते थे, जबकि वह कांग्रेस संभालती थीं। प्रधानमंत्री नहीं बनने की वजह भी बताई।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UPA Government: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने UPA सरकार के कामकाज को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने एक बार फिर उस दौर की सियासत को चर्चा में ला दिया है। उनकी नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ रिलीज हो चुकी है। इसमें सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से लेकर राजनीतिक सफर और यूपीए सरकार के गठन से जुड़े कई अहम पहलुओं पर बात की है। सबसे खास खुलासा यह है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके बीच सरकार तथा पार्टी की जिम्मेदारियां किस तरह बंटी हुई थीं।

मनमोहन सिंह के पास सरकार सोनिया के हाथ में पार्टी

सोनिया गांधी के मुताबिक, यूपीए शासन के दौरान मनमोहन सिंह सरकार का संचालन करते थे, जबकि वह कांग्रेस संगठन और पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालती थीं। यानी दोनों के बीच भूमिकाओं का स्पष्ट बंटवारा था। इस व्यवस्था के जरिए सरकार और संगठन दोनों का काम आगे बढ़ाया जाता था।

सरकारी फाइलें मंगवाने के आरोपों को बताया झूठा

अपनी किताब में सोनिया गांधी ने उन आरोपों को भी खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि प्रधानमंत्री कार्यालय से सरकारी फाइलें उनके पास भेजी जाती थीं। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें कभी सरकारी फाइलें नहीं दिखाई गईं। उनके मुताबिक, इस तरह के आरोप दुर्भावनापूर्ण और पूरी तरह बेबुनियाद हैं।सोनिया ने बताया कि सरकार के गठन के समय उन्होंने कुछ सुझाव जरूर दिए थे। उनका मकसद उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को उचित जिम्मेदारी दिलाना था, जिन्होंने कांग्रेस के सत्ता से बाहर रहने के दौरान लंबे समय तक पार्टी के लिए काम किया था।

2004 से पहले ही प्रधानमंत्री नहीं बनने का फैसला

सोनिया गांधी ने एक और अहम बात साझा की है। उन्होंने बताया कि 2004 के लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से कई महीने पहले ही उन्होंने अपने बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ यह तय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। परिवार की सुरक्षा को लेकर बच्चों की चिंताएं भी इस फैसले की बड़ी वजह थीं।

मनमोहन सिंह को क्यों चुना गया?

किताब के मुताबिक, मनमोहन सिंह का चयन भी एक खास राजनीतिक रणनीति का हिस्सा था। 1991 में आर्थिक उदारीकरण की शुरुआत करने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान थी। इससे उन लोगों की चिंताएं दूर करने में मदद मिल सकती थी, जिन्हें वामपंथी दलों के समर्थन से चलने वाली यूपीए सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर आशंकाएं थीं। सोनिया गांधी के इन खुलासों ने 2004 से 2014 तक चली यूपीए सरकार के भीतर सत्ता, संगठन और नेतृत्व के तालमेल को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।

ये भी पढ़ें: लग्जरी लाइफ से जेल की चारदीवारी तक… श्रद्धा दुबे की बदली जिंदगी, अब योग और पूजा-पाठ के सहारे कट रहे दिन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »