Cyber Fraud: नोएडा के थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बैंक खाते की KYC अपडेट कराने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अभिसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से दबोचा है। बैंक मैनेजर बनकर धोखा पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय विनय कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, निवासी बुराड़ी, नॉर्थ दिल्ली के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि साइबर अपराधी खुद को बैंक मैनेजर बताकर लोगों को KYC अपडेट कराने के नाम पर झांसे में लेते थे और उनके साथ धोखाधड़ी करते थे। इस ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए आरोपी अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। अपराधियों से कनेक्शन पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के बैंक खाते में इस साइबर ठगी से जुड़े करीब 9 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके बदले बैंक खाता उपलब्ध कराने के एवज में आरोपी को 45 हजार रुपये मिले थे। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध किन-किन साइबर अपराधियों से था और उसने पहले भी ऐसे मामलों में बैंक खाते उपलब्ध कराए हैं या नहीं। ये भी पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट से 1 जुलाई से 45 उड़ानें, 17 शहरों से बढ़ेगी सीधी कनेक्टिविटी