उत्तर प्रदेशमहोबा

संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, आज से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान

संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत आशा और एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की जांच करेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से जलजमाव रोकने, मच्छरों से बचाव और समय पर जांच कराने की अपील की।

Dastak Abhiyan 2026: बारिश के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जनपद महोबा में बुधवार को ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान के साथ 11 जुलाई से ‘दस्तक अभियान’ भी एक साथ चलाया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ

अभियान का उद्घाटन जिला महिला चिकित्सालय परिसर में हुआ।सभासद एवं जिला योजना समिति सदस्य श्रीमती साधना गुप्ता और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. के. चौरिहा, जिला मलेरिया अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सहित स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा, आईसीडीएस, कृषि, पशुपालन एवं सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

घर-घर दस्तक अभियान

सीएमओ डॉ. विनय कुमार ने बताया कि यह अभियान दो चरणों में चलेगा। पहला चरण ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलेगा। वहीं दूसरा चरण ‘दस्तक अभियान’ 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर दस्तक देंगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और कालाजार जैसे संचारी रोगों की रोकथाम एवं व्यापक जनजागरूकता फैलाना है।

बारिश में बरतें सावधानी

आशा और एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की जांच करेंगी। साथ ही लार्वा सर्वे, सोर्स रिडक्शन और दवा वितरण का काम भी किया जाएगा। सीएमओ डॉ.विनय कुमार ने कहा, कि बारिश के मौसम में जलजमाव के कारण मच्छर जनित रोग तेजी से बढ़ते हैं। नागरिक अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, पुराने टायर और अन्य बर्तन हर सप्ताह खाली करके सुखाएं। यदि किसी को बुखार आए तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर जांच कराएं और लापरवाही न बरतें।

ये भी पढ़ें: महोबा के कुएं से निकले 15 सरकारी बिजली मीटर, 27 साल पुराने राज की जांच शुरू

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »