उत्तर प्रदेशबरेली

नहर में बहता मिला अज्ञात युवक का शव, युवक की पहचान बनी पहेली

बरेली के भुता क्षेत्र में नहर किनारे 36 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान व मौत के कारणों की जांच कर रही है।

Reported by Deepak Kumar and edited by Shagun Chaurasia

Bareilly News: उत्तर प्रदेश में बरेली के भुता थाना क्षेत्र में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब नहर किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला

घटना ग्राम रमपुरा प्रवीण के पास क्योलड़िया चौराहे के नजदीक की है। ग्रामीणों ने शाम करीब पांच बजे नहर किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

पहचान बनी पहेली

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 36 वर्ष प्रतीत हो रही है। युवक ने नीले रंग की शर्ट और मैरून रंग का लोअर पहन रखा था। उसका रंग सांवला है तथा दाहिने हाथ में कलावा बंधा हुआ मिला है। पुलिस को मौके से कोई ऐसा दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव किसी अन्य क्षेत्र से नहर के बहाव के साथ यहां तक पहुंचा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने शव को नहर से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हर एंगल से जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों को भी अज्ञात शव मिलने की जानकारी दे दी गई है, ताकि युवक की पहचान जल्द हो सके। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल यह रहस्यमयी मौत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: बरेली में UPTET के दौरान संदिग्ध अभ्यर्थी पकड़ा, दस्तावेजों में गड़बड़ी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »