Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी का झांसा देकर एक छात्रा का कथित तौर पर यौन शोषण करने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में किला थाना पुलिस ने इमरान नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद लगातार गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था और शहर छोड़कर भागने की तैयारी में था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे बाकरगंज नदी पुल के पास से दबोच लिया। कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ सीओ अंजनी कुमार तिवारी के अनुसार, पीड़िता ने 2 जुलाई को दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया कि इमरान ने पहले उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और फिर उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान उसने छात्रा की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए, जिनके जरिए वह लंबे समय तक उसे धमकाता और ब्लैकमेल करता रहा। ब्लैकमेल का खेल FIR के मुताबिक, आरोपी ने शादी करने का भरोसा देकर कई बार छात्रा की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि गर्भवती होने पर इमरान ने दवा देकर उसका गर्भपात भी करा दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मामला दर्ज होने के बाद वह गिरफ्तारी के डर से छिपता फिर रहा था और शहर छोड़ने की योजना बना रहा था। आरोपी मीरगंज थाना क्षेत्र के शीशमखेड़ा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। ये भी पढ़ें: नहर में बहता मिला अज्ञात युवक का शव, युवक की पहचान बनी पहेली