नोएडा

GST कलेक्शन में नोएडा का बड़ा धमाल! जून में 1235 करोड़ का राजस्व, प्रदेश में बना नंबर-1

नोएडा जोन ने जून 2026 में 1235 करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह कर नया रिकॉर्ड बनाया। पिछले वर्ष की तुलना में 31% वृद्धि दर्ज हुई, जिससे प्रदेश में सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा।

Reported by India Headlines and edited by Shagun Chaurasia

Noida GST Collection: गौतमबुद्ध नगर के नोएडा जोन ने जीएसटी संग्रह के मामले में नया रिकॉर्ड बनाते हुए जून 2026 में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। राज्य कर विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जून माह में जोन ने 1235 करोड़ रुपये का जीएसटी राजस्व जुटाया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब 31 प्रतिशत अधिक है।
पिछले साल जून में जीएसटी संग्रह 937 करोड़ रुपये था, जबकि इस बार 298 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वृद्धि दर्ज की गई।

राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

लगातार बढ़ते राजस्व ने नोएडा जोन को प्रदेश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों में शामिल कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल में 1442.18 करोड़ रुपये और मई में 1113.37 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ था। इससे साफ है कि वित्तीय वर्ष की शुरुआत से ही राजस्व में लगातार मजबूती बनी हुई है।
अपर आयुक्त संदीप भागिया ने बताया कि जिले में तेजी से बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों, नए निवेश और व्यापार विस्तार का सीधा असर जीएसटी संग्रह पर दिखाई दे रहा है। साथ ही कर चोरी रोकने के लिए विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान भी राजस्व वृद्धि में सहायक साबित हुए हैं।

विकास परियोजनाओं का असर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना, नए औद्योगिक निवेश और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) के वेस्टर्न एवं ईस्टर्न नेटवर्क से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। इसके अलावा संपत्ति, शराब और अन्य कारोबारी क्षेत्रों से भी राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। राज्य स्तर पर जहां जून में जीएसटी संग्रह में लगभग 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, वहीं गौतमबुद्ध नगर जोन ने 31 प्रतिशत की बढ़त के साथ प्रदेश में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

ये भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा से पहले सख्ती! 12 फुट से ऊंचा DJ हुआ तो होगी कार्रवाई

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »