Greater Noida Police Guidelines: ग्रेटर नोएडा में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि यात्रा के दौरान इस्तेमाल होने वाले डीजे की ऊंचाई 12 फुट से अधिक नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तैयारियों की समीक्षा सूरजपुर स्थित पुलिस कार्यालय में सेंट्रल जोन के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। सभी थाना प्रभारियों को कांवड़ यात्रा से जुड़े रजिस्टर तैयार करने, शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें शासन की गाइडलाइंस से अवगत कराया। साथ ही डीजे मालिकों, शिविर संचालकों और कांवड़ियों का पूरा विवरण रिकॉर्ड में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू यात्रा मार्गों को सुरक्षित बनाने के लिए सड़कों के गड्ढे भरने, खराब रास्तों की मरम्मत और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। बारिश के मौसम को देखते हुए बिजली के खंभों और खुले ट्रांसफॉर्मरों को सुरक्षित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। ये भी पढ़ें: स्विमिंग पूल में नहाते वक्त युवक की मौत, हार्ट अटैक की आशंका