Noida News: नोएडा एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के सेक्टर-135 स्थित एक फार्महाउस में स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मणिपुर निवासी लकी सनवऊ डामया के रूप में हुई है, जो नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, युवक स्विमिंग पूल में नहा रहा था, तभी अचानक वह पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी अमित खारी ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक को स्विमिंग के दौरान हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। अपडेट अभी जारी है...