Etawah News: समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच सोशल मीडिया पर चल रही सियासी जंग अब पुलिस थाने तक पहुंच गई है। इटावा में सपा नेताओं ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे समेत पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सोमवार देर रात सपा के प्रदेश सचिव गोपाल यादव के नेतृत्व में करीब दो दर्जन पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर सौंपते हुए आरोप लगाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की गई है। भ्रामक पोस्ट पर विवाद शिकायत में कहा गया है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए अयोध्या राम मंदिर से जुड़े एक चर्चित मामले को आधार बनाकर अखिलेश यादव को बदनाम करने का प्रयास किया गया। कथित पोस्टों में यह दावा किया गया कि मामले के एक आरोपी की अखिलेश यादव से कई बार बातचीत हुई थी। सपा नेताओं का कहना है कि ऐसे दावे पूरी तरह निराधार हैं और राजनीतिक छवि खराब करने के उद्देश्य से फैलाए गए हैं। आंदोलन की चेतावनी तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ अकाउंट फर्जी पहचान के साथ संचालित किए जा रहे हैं और उनके माध्यम से लगातार भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। सपा नेताओं ने एक न्यूज चैनल के खिलाफ भी शिकायत देते हुए मामले की जांच की मांग की है। प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि झूठी खबरों और दुष्प्रचार के खिलाफ सपा कानूनी और लोकतांत्रिक दोनों स्तरों पर संघर्ष करेगी। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा फैसला, चंपत राय का इस्तीफा मंजूर! जानिए बैठक में क्या-क्या हुआ