उत्तर प्रदेश

चलती बाइक में भड़की आग, पलभर में राख, चालक ने कूदकर बचाई जान

औरैया के अछल्दा में चलती बाइक में अचानक आग लग गई। चालक राजीव कुमार ने समय रहते कूदकर जान बचाई। शॉर्ट सर्किट की आशंका, बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हुई।

Reported by Dipanshu Savran and edited by Shagun Chaurasia

Auraiya News: उत्तर प्रदेश में औरैया के अछल्दा क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती बाइक अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना रामगढ़ मार्ग पर हुई, जहां बाइक सवार युवक ने समय रहते वाहन से उतरकर अपनी जान बचा ली। हादसे में बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, गहैसर गांव निवासी राजीव कुमार किसी निजी कार्य से अपनी मोटरसाइकिल पर रामगढ़ बाजार जा रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक से स्पार्किंग होने लगी। देखते ही देखते इंजन के पास से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए राजीव ने तुरंत बाइक सड़क किनारे रोकी और सुरक्षित दूरी पर चले गए।

मौके पर हड़कंप

कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर आग लगी बाइक देखकर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हरचंदपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने एक बड़े हादसे को टाल दिया, लेकिन बाइक पूरी तरह खाक हो गई।

ये भी पढ़ें: अखिलेश पर पोस्ट से मचा सियासी बवाल! निशिकांत दुबे समेत पांच के खिलाफ सपा का बड़ा कदम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »