उत्तर प्रदेशबहराइच

आधी रात घेराबंदी, फिर चली गोलियां! 25 हजार का इनामी बदमाश अशरफ पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया

बहराइच के कैसरगंज में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी अशरफ अली घायल होकर गिरफ्तार हुआ। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जवाबी कार्रवाई में गोली लगी।

Reported by AJAY SHARMA and edited by Shagun Chaurasia

Bahraich News: उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ा घटनाक्रम सामने आया। गोवध के मामलों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी अशरफ अली उर्फ टन्ने को पुलिस ने गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, देर रात सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा अशरफ अली हरनी गांव से प्यारेपुर जाने वाले मार्ग पर मौजूद है। सूचना मिलते ही कैसरगंज पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में गिरफ्तारी

इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अशरफ के दाहिने पैर में लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और नकदी बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अशरफ अली के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

फोरेंसिक जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव फोरेंसिक टीम और अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें: सालार मसूद दरगाह पर करोड़ों के चढ़ावे में वित्तीय घोटाले का आरोप, DM ने वक्फ बोर्ड को भेजी रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »