आगराउत्तर प्रदेश

मॉल में धमाके से मचा हड़कंप! CCTV ने खोला राज, चार नाबालिगों की शरारत निकली वजह

आगरा के मॉल में सुतली बम फटने से अफरा-तफरी मच गई। जांच में पता चला कि चार नाबालिगों ने मनोरंजन के लिए यह हरकत की थी। पुलिस ने कार सीज कर दी।

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर के एक मॉल में देर रात अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई देने से अफरा-तफरी मच गई। धमाका होते ही मॉल में मौजूद लोग घबरा गए और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

CCTV में खुला राज

मामला न्यू आगरा थाना क्षेत्र स्थित एसआरके मॉल का है। शुरुआती जांच में बम जैसी आवाज सुनकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं, लेकिन सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस ने मॉल की बेसमेंट पार्किंग से चार नाबालिगों को हिरासत में लिया, जिनमें तीन किशोर और एक किशोरी शामिल थे। पूछताछ के दौरान सामने आया कि एक किशोर ने केवल मनोरंजन के उद्देश्य से मॉल के भीतर सुतली बम फोड़ दिया था। पुलिस ने जब नाबालिगों की कार की तलाशी ली तो उसमें कई स्काई शॉट और सुतली बम के डिब्बे बरामद हुए।

मजाक बना हड़कंप

नाबालिगों ने बताया कि वे ये आतिशबाजी का सामान एक दोस्त के जन्मदिन समारोह के लिए लेकर आए थे। इसी दौरान मजाक और रोमांच के लिए मॉल में सुतली बम फोड़ दिया गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को सीज कर लिया है। साथ ही चारों नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

फिलहाल, यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है और शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी लापरवाही से बचने की अपील कर रही है।

ये भी पढ़ें: जून में 22 हजार से ज्यादा नए आयुष्मान कार्ड बनाकर मुरादाबाद ने प्रदेश में हासिल की तीसरी रैंक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »