Ayushman Bharat Yojana: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए पूरे प्रदेश में चल रहे विशेष अभियान में मुरादाबाद ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जून महीने में सबसे ज्यादा नए आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में मुरादाबाद ने पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। आयुष्मान कार्ड में उपलब्धि जून महीने के दौरान जिले में 22,016 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिसके आधार पर मुरादाबाद को प्रदेश में तीसरी रैंक मिली है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड तेजी से बनाए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ मिल सके। योजना का लाभ उठा रहे लोगों का कहना है कि आयुष्मान भारत योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इससे उन्हें महंगे इलाज की चिंता नहीं रहती और सूचीबद्ध अस्पतालों में निशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है। हर पात्र को लाभ प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. आर. के. शर्मा ने बताया कि जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान पूरी रफ्तार से चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का विशेष अभियान 14 अगस्त तक जारी रहेगा। विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे, ताकि जरूरत के समय हर पात्र व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सके। ये भी पढ़ें: रेप केस आरोपी नवाब सिंह पर प्रशासन का शिकंजा, 5.25 करोड़ की संपत्ति जब्त