उत्तर प्रदेश

किसकी पहचान, किसका नाम… पीलीभीत की वोटर लिस्ट में बड़ा खुलासा! आखिर कैसे हुई गड़बड़ी?

पीलीभीत की वोटर लिस्ट में नामों की अदला-बदली से हड़कंप! शानू से अयान, तौफीक से तुषार बना नाम, दो एसडीएम समेत तीन पर कार्रवाई।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Pilibhit Voter List Controversy: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची के संशोधन के दौरान कथित अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। सदर विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में एक मतदाता के EPIC नंबर पर दूसरे व्यक्ति का विवरण दर्ज होने समेत कई गड़बड़ियां जांच में सामने आई हैं। मामले में दो तत्कालीन एसडीएम और एक कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिलाधिकारी ने दोनों एसडीएम के निलंबन की संस्तुति भी शासन को भेजी है।

दो एसडीएम और कंप्यूटर ऑपरेटर पर कार्रवाई

मामला विधानसभा क्षेत्र 127-पीलीभीत का है। जांच के बाद सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी केके कश्यप की तहरीर पर तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) मयंक गोस्वामी, हेमंत चौधरी और वीआरसी के कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।दोनों एसडीएम को पहले ही जिला मुख्यालय से संबद्ध किया जा चुका है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू है। वहीं, कंप्यूटर ऑपरेटर की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के निर्देश पर कराई गई जांच के आधार पर हुई है।

13,779 प्रविष्टियों में कितनी गड़बड़ी?

जिलाधिकारी आलोक कुमार के अनुसार, 31 मई से 29 अगस्त 2026 के बीच मतदाता विवरण में संशोधन के लिए कुल 13,779 फॉर्म-8 की प्रविष्टियां की गई थीं। इनमें 10,470 को मंजूरी मिली, जबकि 3,309 आवेदन अस्वीकृत हुए। स्वीकृत प्रविष्टियों में अनियमितताएं सामने आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रशासन अब 10 अप्रैल से 21 अक्टूबर 2026 के बीच वीआरसी ऑपरेटर द्वारा दर्ज किए गए नाम जोड़ने के फॉर्म-6 और नाम हटाने के फॉर्म-7 की भी गहन जांच करेगा।

 पहचान बदलने के आरोप

जांच से जुड़े शिकायतों और सामने आए उदाहरणों ने मामले को गंभीर बना दिया है। अमरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत मझलिया के बूथ संख्या 83 की सूची में EPIC नंबर SZK0613075 पर शानू खां की जगह अयान अली का नाम दर्ज होने का आरोप है। इसी तरह, तौफीक अहमद के स्थान पर तुषार, राजू खां की जगह रहीम और नदीम खां की जगह नईम का नाम दर्ज होने की शिकायत सामने आई है। अन्य मामलों में शादाब अली की जगह सलीम खां, तायरा बेगम की जगह तौशीबा और जेबा बी की जगह नाजनीन का नाम दर्ज होने का दावा किया गया है।

शहर की सूची में भी सामने आए मामले

शिकायतों के मुताबिक, पीलीभीत शहर की मतदाता सूची में भी नामों की अदला-बदली के मामले सामने आए हैं। इनमें फरहान खान की जगह शाह आलम, नमरा तारिक की जगह जोया फिरदौसी, लईक अहमद की जगह अरहान और कामरान की जगह अयान का नाम दर्ज होने के आरोप शामिल हैं। इन कथित बदलावों ने मतदाताओं की पहचान और मतदान के अधिकार से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, प्रत्येक प्रविष्टि में गड़बड़ी की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और सामने आई कमियों को नियमानुसार जल्द सुधारा जाएगा। अब निगाहें इस बात पर हैं कि जांच में कितनी प्रविष्टियां गलत पाई जाती हैं और मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ती है।

ये भी पढ़ें: आजम से जेल में अखिलेश की एक घंटे की मुलाकात, क्या तय हो गई 2027 की रणनीति? आया जवाब

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »