Delhi School Bomb Threat: दिल्ली में शुक्रवार सुबह तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर तीनों स्कूलों के परिसर खाली करा लिए गए और तलाशी अभियान शुरू किया गया। धमकी भरे ईमेल लोदी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय, रोहिणी के वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल और मयूर विहार के सलवान पब्लिक स्कूल को मिले। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, सूचना मिलने पर टीमों को तुरंत स्कूलों में भेजा गया। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने परिसर में जांच शुरू की। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल कहां से भेजे गए और इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।