CM Yogi In Banda: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा दौरे के दौरान बुंदेलखंड के विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने करीब 701 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य बुंदेलखंड को देश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बुंदेलखंड को कभी पिछड़ेपन, पलायन और समस्याओं के लिए जाना जाता था, वही क्षेत्र अब विकास की नई पहचान बना रहा है। बुंदेलखंड में बदलाव मुख्यमंत्री ने महर्षि बामदेव की पावन धरती बांदा से संबोधन करते हुए कहा कि जब वह पहली बार बुंदेलखंड आए थे, तब यहां की स्थिति काफी अलग थी। पानी की समस्या, रोजगार की कमी और अपराध जैसी चुनौतियां क्षेत्र के विकास में बाधा बनी हुई थीं। लेकिन आज सरकार की योजनाओं और बेहतर कानून व्यवस्था के कारण बुंदेलखंड में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। माफियाओं पर सख्त कार्रवाई उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है और अवैध कब्जों से सरकारी जमीनों को मुक्त कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों और आम जनता के अधिकारों पर कब्जा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हजारों एकड़ सरकारी जमीन को माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया गया है। कानून व्यवस्था पर जोर सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में विकास की जगह भ्रष्टाचार और परिवारवाद हावी था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है और बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा और व्यापारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। विरासत और विकास का संगम मुख्यमंत्री ने बांदा में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का लोकार्पण करते हुए कहा कि सरकार देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का अपमान करते हैं, जबकि सरकार धार्मिक स्थलों और विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र में रोजगार और निवेश के नए अवसर लेकर आई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बुंदेलखंड से निकलने वाली मिसाइलों की ताकत से देश की सुरक्षा मजबूत हो रही है। बुंदेलखंड को नई पहचान योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की कि विकास को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे जनप्रतिनिधियों का चुनाव करें, जो क्षेत्र की समस्याओं को समझते हों और जनता के हित में काम करते हों। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब बुंदेलखंड से पलायन रुकेगा और आने वाले समय में देश-दुनिया के लोग यहां रोजगार और अवसरों की तलाश में आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि बुंदेलखंड को सिर्फ पिछड़े क्षेत्र की पहचान से बाहर निकालकर “धरती का स्वर्ग” बनाया जाए। इसके लिए विकास विरोधी सोच से दूर रहकर सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा। ये भी पढ़ें: कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा… अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी से मारपीट