Ghazipur Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में चार वर्षीय मासूम की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव में चार दिन से लापता बच्चे का शव गुरुवार को उसके घर के पास ही बरामद हुआ। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, गोड़ी खास गांव निवासी जमुना कुशवाहा का चार वर्षीय बेटा सिद्धार्थ अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए भांवरकोल थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी। चार दिन तक बच्चे की तलाश चलती रही, लेकिन गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बच्चे का शव घर के पास ही मिला। बच्चे के पिता ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्या के एंगल से जांच प्रारंभिक जांच में बच्चे के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस मामले को हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बच्चे के पेट पर किसी नुकीली चीज से चोट के निशान मिले हैं। हालांकि घटना की पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मासूम की मौत को लेकर परिवार के कुछ सदस्यों और करीबी लोगों पर भी संदेह जताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच टीम घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चार साल के मासूम की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। रिपोर्ट-प्रदीप दुबे ये भी पढ़ें: स्कूली वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, ‘ऑपरेशन सेफ फ्यूचर’ के तहत 8 वाहन सीज, 40 का चालान