Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन सेफ फ्यूचर" के तहत परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूल वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर 8 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 40 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण एवं अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा के निर्देशन में जनपद गाजीपुर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई तक दो चरणों में संचालित किया जा रहा है। चेकिंग अभियान तेज पहले चरण में स्कूल संचालकों और वाहन चालकों को जागरूक करते हुए नोटिस जारी किए गए, जबकि दूसरे चरण में नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संयुक्त टीम ने कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज, नंदगंज और जंगीपुर में स्कूल वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, स्पीड गवर्नर समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। प्रशासन का एक्शन एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि जिन वाहनों में सुरक्षा संबंधी गंभीर कमियां मिलीं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 8 वाहनों को सीज और 40 वाहनों का चालान किया गया। वहीं यातायात निरीक्षक बलेन्द्र कुमार ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट-प्रदीप दुबे ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में बारिश का कहर! जलभराव से थमी रफ्तार, IMD का नया अलर्ट