Bareilly Conversion Row: जिले के मीरगंज क्षेत्र के एक गांव में आयोजित कथित धर्म परिवर्तन सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि सभा के दौरान एक धर्म प्रचारक ने दूसरे धर्म के देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए पैसों तथा विवाह का लालच दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभा में हंगामा जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के सैंजना गांव में गुरुवार सुबह एक मकान पर धर्म प्रचार से जुड़ी सभा आयोजित की गई थी। आरोप है कि इसमें गांव के कई लोगों को बुलाकर धार्मिक साहित्य वितरित किया गया और अपने धर्म का प्रचार किया गया। सभा की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद धार्मिक साहित्य को कब्जे में लिया और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और ग्रामीण थाने पहुंचे, जहां आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई। धर्म परिवर्तन का आरोप शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रचारक ने सभा में मौजूद लोगों से दूसरे धर्म के देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं। साथ ही लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए दावा किया कि धर्म परिवर्तन के बाद उनकी सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी। आरोप यह भी है कि ग्रामीणों को पैसों का लालच देने और अपने धर्म में विवाह कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके अलावा प्रार्थना और कथित चमत्कारों के जरिए बीमारियों तथा अन्य समस्याओं के समाधान का दावा किया गया। मुकदमा हुआ दर्ज पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्रेमपाल, निवासी भुड़ासी, शीशगढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मीरगंज थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे। ये भी पढ़ें: पूर्व पार्षद का बड़ा खेल बेनकाब! सरकारी नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार