उत्तर प्रदेशनोएडा

बारिश के बाद जमीन फटी! D-Mart साइट के पास 30 फीट धंसी सड़क, टला बड़ा हादसा

नोएडा सेक्टर-73 में भारी बारिश के बाद निर्माणाधीन डी-मार्ट साइट के पास करीब 30 फीट सड़क धंस गई। नाला, ट्रांसफॉर्मर और आसपास की संरचनाएं क्षतिग्रस्त हुईं, जांच शुरू हो गई।

Noida Rain News: लगातार हो रही बारिश ने नोएडा में बुनियादी ढांचे की मजबूती पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-73 के सरफाबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन डी-मार्ट कमर्शियल प्रोजेक्ट के पास अचानक सड़क धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब 25 से 30 फीट तक सड़क धंसने के साथ नाला क्षतिग्रस्त हो गया, ट्रांसफॉर्मर झुक गया और आसपास की कई संरचनाएं खतरे की जद में आ गईं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

बारिश से धंसी सड़क

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण निर्माणाधीन परियोजना के डबल बेसमेंट में बड़ी मात्रा में पानी भर गया था। बताया जा रहा है कि साइट पर लगभग 25 से 30 फीट गहरी खुदाई कर बेसमेंट तैयार किया जा रहा था। लगातार जलभराव और मिट्टी के कटाव से जमीन की पकड़ कमजोर पड़ गई, जिसके चलते सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया।

चारों ओर तबाही

सड़क धंसने का असर केवल सड़क तक सीमित नहीं रहा। निर्माण स्थल के किनारे बना नाला टूट गया, वहीं पास में लगा बिजली का ट्रांसफॉर्मर भी झुक गया। भूमिगत बिजली केबलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा निर्माणाधीन इमारत की बाउंड्री वॉल में दरारें आ गईं, जबकि आसपास चल रहे दूसरे निर्माण कार्य भी प्रभावित हुए। समीप स्थित बारातघर की इमारत भी झुकाव की स्थिति में पहुंच गई, जिसके बाद एहतियातन उसे बंद कर दिया गया।

सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। कई बार शिकायत करने के बावजूद समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जिसकी वजह से अब इतना बड़ा नुकसान सामने आया है।

जांच में जुटी टीम

सूचना मिलते ही पुलिस और नोएडा प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई। सड़क के धंसे हिस्से को भरने के लिए मिट्टी और रोड़ा डालने का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही इंजीनियरों की टीम नुकसान का आकलन कर रही है और यह जांच की जा रही है कि सड़क धंसने की असली वजह क्या रही।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आसपास की अन्य इमारतों और सड़कों पर भी खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: सेक्टर-12 में अचानक गिरी दीवार, मलबे में दबी कई कारें, बारिश बनी आफत!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »