Noida News: लगातार हो रही बारिश के बीच नोएडा के सेक्टर-12 स्थित वाई ब्लॉक में बड़ा हादसा टल गया। बारिश से कमजोर हुई एक जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां खड़ी कई कारें मलबे की चपेट में आ गईं। घटना में तीन से चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बारिश में ढही दीवार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार बारिश के चलते दीवार की नींव कमजोर हो चुकी थी। अचानक तेज आवाज के साथ दीवार ढह गई और उसके नीचे खड़ी कारें दब गईं। हादसे में वाहनों के शीशे टूट गए और उन्हें काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। लापरवाही का आरोप स्थानीय निवासियों का कहना है कि संबंधित दीवार लंबे समय से जर्जर हालत में थी। उन्होंने कई बार इसकी मरम्मत कराने और संभावित खतरे की जानकारी संबंधित विभाग को दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि यदि अधिकारियों ने पहले ही आवश्यक कदम उठाए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। सर्वे और मुआवजे की मांग घटना के बाद रेजिडेंट्स ने प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि सेक्टर में मौजूद सभी जर्जर दीवारों और कमजोर संरचनाओं का तत्काल सर्वे कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई। पुलिस ने संभाला मोर्चा सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को बाहर निकलवाया और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल कराई। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नोएडा और एनसीआर में लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते कई इलाकों में जलभराव, सड़क धंसने और दीवार गिरने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में जर्जर भवनों और कमजोर संरचनाओं की समय रहते पहचान कर उनकी मरम्मत या हटाने की आवश्यकता पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। ये भी पढ़ें: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का खौफनाक अंजाम, दो की मौत, चार घायल