Greater Noida Jobs: जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला सेवायोजन कार्यालय और TCS (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज) के संयुक्त प्रयास से शुक्रवार को जीएनआईओटी (GNIOT) परिसर में एक दिवसीय कौशल एवं रोजगार उन्मुख कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बदलते औद्योगिक माहौल, नई तकनीकों और रोजगार की संभावनाओं से परिचित कराना था। रोजगार की तैयारी कार्यशाला में जिले के 12 से अधिक प्रमुख शिक्षण संस्थानों, जिनमें एनआईईटी, जीएल बजाज, द्रोणाचार्य, आईटीएस और लॉयड जैसे कॉलेज शामिल हैं, के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा आर्या फैशन्स, सिद्धि इन्फो नेट, राल्वो इंजीनियरिंग, मातंगी पॉलिमर्स, आईईए और आईबीए सहित कई उद्योगों के प्रतिनिधियों ने छात्रों को कौशल आधारित भर्ती प्रक्रिया और उद्योगों की अपेक्षाओं की जानकारी दी। TCS देगा रोजगार जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि अगले महीने TCS के सहयोग से स्नातक पास और गैर-तकनीकी अभ्यर्थियों के लिए विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी। इसमें भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए रोजगार संगम पोर्टल और TCS iON पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य योग्य युवाओं की पहचान कर उन्हें उद्योगों से जोड़ना और कंपनियों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराना है। सरकार-उद्योग सहयोग कार्यक्रम के दौरान रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और आर्या फैशन के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर आर्या फैशन की सीईओ डॉ. खुशबू सिंह और जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के तहत युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। रोजगार को नई दिशा कार्यक्रम में आईईए अध्यक्ष संजीव शर्मा, आईबीए की उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, टीसीएस, जीएनआईओटी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई कि यह पहल ग्रेटर नोएडा के युवाओं को रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। ये भी पढ़ें: बारिश, बिजली का खम्बा और खुला नाला… फैक्ट्री जा रहे युवक की दर्दनाक मौत, मां ने खोया एकलौता बेटा