Noida Drain Accident: नोएडा में लगातार हुई बारिश के बीच एक बार फिर लापरवाही जानलेवा साबित हुई। सेक्टर-58 में फैक्ट्री जा रहे 28 वर्षीय युवक की नाले में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने नोएडा प्राधिकरण और बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। घटना ने शहर में बरसात के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश बनी काल पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आर्यन (28) के रूप में हुई है, जो सेक्टर-22 स्थित चौड़ा गांव में रहता था। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह रोज की तरह अपनी ड्यूटी के लिए सेक्टर-58 स्थित फैक्ट्री जा रहा था। रास्ते में भारी बारिश के कारण सड़क पर जलभराव था। इसी दौरान वह नाले पर रखी स्लैब से गुजर रहा था, लेकिन स्लैब ठीक से न लगी होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिवार का इकलौता सहारा आर्यन सेक्टर-58 स्थित लेंटो इंडस्ट्रीज में क्वालिटी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से कंपनी में नौकरी कर रहा था। पॉलिटेक्निक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने बीटेक भी किया था और हाल ही में उसका परिणाम घोषित हुआ था। परिवार और सहकर्मियों के अनुसार, वह मेहनती और जिम्मेदार युवा था तथा अपने परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद था। करंट की आशंका मृतक के सहकर्मी नीरज ने बताया कि जिस नाले में आर्यन गिरा उसकी गहराई लगभग ढाई से तीन फीट थी। नाले के बिल्कुल पास बिजली का खंभा भी लगा हुआ है। उनका अनुमान है कि बारिश के पानी में करंट फैलने से आर्यन बेहोश हो गया होगा, जिसके बाद वह बाहर नहीं निकल सका। हालांकि, इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने दी जानकारी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। इसलिए मामले की सटीक वजह जानने के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत डूबने से हुई या किसी अन्य कारण से। आर्यन मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज क्षेत्र का रहने वाला था। परिवार में अब उसकी मां अकेली रह गई हैं। उसके पिता का कई वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका था। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है। न्याय की मांग घटना के बाद मृतक के चाचा अनमोल ने सेक्टर-58 थाने में नोएडा प्राधिकरण और बिजली विभाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि यदि नाले की स्लैब सुरक्षित होती और बरसात के दौरान आवश्यक इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा केवल स्लैब टूटने से हुआ या बारिश के पानी में करंट भी फैला हुआ था। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: बिहार से नोएडा आएंगी 1300 EVM, GPS निगरानी में पहुंचेगी हर मशीन, चुनावी तैयारियां तेज