उत्तर प्रदेश

‘जिन्ना नहीं, गन्ना चाहिए’, बिजनौर में CM योगी का विपक्ष पर वार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में 1003 करोड़ की 76 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा- हमें जिन्ना नहीं, गन्ना चाहिए और यूपी अब दंगामुक्त है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

CM Yogi Bijnor Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिजनौर में आयोजित जनसभा के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। वर्धमान कॉलेज परिसर में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 1,003 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

बिजनौर पर योगी का वार

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन नेताओं पर हमला बोला, जो पहले बिजनौर को लेकर नकारात्मक बातें करते थे। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले कुछ मुख्यमंत्री बिजनौर आने से बचते थे और इसे अपशकुन मानते थे, लेकिन वास्तव में अपशकुन वह सोच थी, जो जनता से दूरी बनाती थी। सीएम योगी ने बिजनौर की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यह वही पवित्र भूमि है, जहां भगवान कृष्ण के आने की मान्यता है और जहां महात्मा विदुर से जुड़ी कथाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी धरती पर आने से कोई भी जनप्रतिनिधि गौरवान्वित महसूस करेगा।

जिन्ना बनाम गन्ना बयान

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले के नेता जनता के बीच जाने के बजाय अपने निजी समूहों में व्यस्त रहते थे और आम लोगों की समस्याओं से उनका कोई सीधा जुड़ाव नहीं था। विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा, “उन्हें जिन्ना चाहिए, लेकिन हमें गन्ना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया है और आज उत्तर प्रदेश दंगामुक्त माहौल में आगे बढ़ रहा है।

सुरक्षा और विभाजन पर हमला

उन्होंने कहा कि पहले धार्मिक आयोजनों, कांवड़ यात्रा और त्योहारों पर कई तरह की पाबंदियां लगाई जाती थीं, लेकिन अब प्रदेश में सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभाजन के लिए कांग्रेस की नीतियां जिम्मेदार थीं। उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद प्रभावित परिवारों को लंबे समय तक अधिकारों से वंचित रहना पड़ा, लेकिन उनकी सरकार ने ऐसे लोगों को न्याय दिलाने का काम किया।

विकास और सुशासन का दावा

CM योगी ने सपा और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पहले केंद्र से भेजी गई योजनाओं की राशि जनता तक पूरी तरह नहीं पहुंचती थी। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का जिक्र करते हुए लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है।

बिजनौर दौरे के दौरान सीएम योगी का भाषण पूरी तरह विकास कार्यों और विपक्ष पर राजनीतिक हमलों के केंद्र में रहा। 76 परियोजनाओं की सौगात के साथ मुख्यमंत्री ने आगामी राजनीतिक लड़ाई के लिए भी स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की।

ये भी पढ़ें: SIT की अंतरिम रिपोर्ट सीधे सुप्रीम कोर्ट पहुंचेगी, राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड में बड़ा खुलासा जल्द

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »