भारत

CJP का देशभर में विस्तार! झारखंड छात्र आंदोलन में उतरेगी CJP, अभिजीत दिपके ने किया समर्थन का ऐलान

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने झारखंड छात्र आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया। संगठन प्रतिनिधिमंडल छात्रों से मिलेगा, जबकि बैठक में देशभर विस्तार और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

CJP Jharkhand Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने झारखंड के छात्र आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि CJP का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही झारखंड जाएगा और आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ खड़ा होगा। यह बयान छत्रपति संभाजीनगर में चल रही CJP की दो दिवसीय कोर कमेटी बैठक के दौरान सामने आया। बैठक के पहले दिन अभिजीत दिपके और संगठन के प्रवक्ता सौरभ दास ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने CJP की आगामी रणनीति, देशभर में संगठन के विस्तार और सामाजिक मुद्दों को लेकर अपनी योजनाएं साझा कीं।

राजनीति में आने से किया इनकार

अभिजीत दिपके ने साफ किया कि CJP की फिलहाल राजनीति में प्रवेश करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की राजनीतिक व्यवस्था में लगातार बदलाव और दल-बदल जैसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जाता है। दिपके ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी पक्षों को साथ आना होगा। उन्होंने बताया कि बैठक में मीडिया की भूमिका, न्यायपालिका, बेरोजगारी और E20 नीति जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा की जा रही है।

छात्रों पर कार्रवाई का मुद्दा उठा

CJP प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए छात्र आंदोलनों के दौरान जिन छात्रों पर लाठीचार्ज या पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ, उनकी मदद संगठन कर रहा है। उन्होंने कहा कि घायल छात्रों को कानूनी और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद कई राज्यों में आंदोलनकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस ली गई हैं और बाकी मामलों को लेकर भी प्रयास जारी हैं।

छात्राओं के खिलाफ ऑनलाइन अभियान पर नाराजगी

सौरभ दास ने आंदोलन में शामिल छात्राओं के खिलाफ कथित ऑनलाइन अभियान को गलत बताते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इसे “डॉक्सिंग अभियान” बताते हुए कहा कि किसी भी छात्र या छात्रा की निजी जानकारी सार्वजनिक करना गलत और कानूनी रूप से आपत्तिजनक है।

सोनम वांगचुक बैठक में नहीं पहुंचे

बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक शामिल नहीं हो सके। CJP ने बताया कि स्वास्थ्य कारणों के चलते वह बैठक में नहीं आए। सौरभ दास ने कहा कि वांगचुक संगठन के मार्गदर्शक हैं और भविष्य में भी CJP उनसे सलाह लेती रहेगी। CJP ने बताया कि बैठक के दूसरे दिन दोपहर 2 बजे संगठन अपनी अंतिम रणनीति और आने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देगा।

ये भी पढ़ें: CJI सूर्यकांत की पुलिस को सलाह- प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से पहले बातचीत और समझाइश जरूरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »