Bareilly DM Action: उत्तर प्रदेश के बरेली में जनसुनवाई में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला अधिकारी अविनाश सिंह ने जुलाई माह में प्राप्त शिकायतों की फीडबैक समीक्षा के बाद संतोषजनक कार्य न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों से 26 अगस्त तक स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। लापरवाही पर कार्रवाई जिला अधिकारी ने समीक्षा के दौरान पाया कि कई मामलों में शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं किया गया। शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक में भी कई मामलों में असंतोष सामने आया, जिसके बाद प्रशासन ने जवाबदेही तय करते हुए यह कार्रवाई की। DM अविनाश सिंह ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत का तय समय सीमा के भीतर निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त जिला अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए ताकि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही अधिकारियों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ये भी पढ़ें: 108वें अला हजरत उर्स पर बड़ी पहल! 200 गरीब बच्चों को मुफ्त NEET-JEE कोचिंग का तोहफा