Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में विश्वप्रसिद्ध दरगाह अला हजरत के 108वें उर्स के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। दरगाह से जुड़ी डेल्टा क्लास ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 200 बच्चों को मुफ्त NEET और JEE की कोचिंग देने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों को आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित होने से बचाना है। शिक्षा से नई उड़ान डेल्टा क्लास के संचालकों का कहना है कि संस्था का लक्ष्य केवल कोचिंग उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ऐसे छात्रों को डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी बनने के लिए बेहतर मार्गदर्शन देना है। संस्था ने स्पष्ट किया कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। संस्था के लिए यह उपलब्धि भी खास रही है कि इस वर्ष डेल्टा क्लास के सात आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों का चयन NEET में हुआ है। इसे संस्था की शिक्षा और मार्गदर्शन की सफलता के रूप में देखा जा रहा है। इसी सफलता से प्रेरित होकर अब 200 नए छात्रों को इस योजना का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। समाज सेवा का संकल्प आज से शुरू हो रहे विश्वप्रसिद्ध अला हजरत उर्स के दौरान इस घोषणा को शिक्षा और समाज सेवा की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि भविष्य में भी जरूरतमंद छात्रों को इसी तरह सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा। गौरतलब है कि डेल्टा क्लास प्रेम नगर और बारादरी थाना क्षेत्र में संचालित होती है और लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की शिक्षा में सहयोग करती रही है। संस्था की इस पहल को स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी सराहनीय बताया है। ये भी पढ़ें: बरेली में तैयार हुआ हाईटेक ‘कांवड़ विलेज’ ठहरने, भोजन, चिकित्सा समेत हर सुविधा