Belgian Treasury: बेल्जियम के पूर्वी फ्लैंडर्स इलाके में एक मकान की मरम्मत के दौरान मजदूरों को दीवार के पीछे ऐसा खजाना मिला, जिसने सबको हैरान कर दिया। घर में सीवर पाइप डालने के लिए खुदाई के दौरान तहखाने की दीवार से सोने की ईंटें और सिक्के बरामद हुए। अनुमान के मुताबिक, इस खजाने की कीमत करीब 9 मिलियन यूरो यानी लगभग 99 करोड़ रुपये है। खजाना मिलने के बाद मजदूरों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर की तलाशी पूरी कर सोने को सुरक्षित स्थान पर रख दिया है। अधिकारियों ने लोगों से निर्माण स्थल पर खुद जाकर खजाना तलाशने की कोशिश न करने की अपील की है। 18 साल के मजदूर ने देखा सोना खजाना खोजने वाले मजदूरों में 18 वर्षीय कोबे भी शामिल था। वह छुट्टियों में कमाई के लिए काम कर रहा था। उसने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि दीवार में सामान्य सिक्के मिले हैं, लेकिन सोने की ईंट सामने आते ही उन्हें अंदाजा हो गया कि मामला बेहद बड़ा है। साइट मैनेजर मारियो ने भी कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना अपने पास रखना संभव नहीं था और उसे छिपाना चोरी के समान होता। अब किसका होगा करोड़ों का खजाना? जिस मकान से सोना मिला, वह फिलहाल एक चैरिटी संस्था के पास है। संस्था के निदेशक ने उम्मीद जताई कि अगर कानूनी तौर पर खजाना संस्था को मिलता है तो इसका इस्तेमाल जरूरतमंदों की मदद में किया जा सकता है। बेल्जियम के कानून के मुताबिक, असली मालिक को खजाने पर दावा करने के लिए 5 साल यानी 1,823 दिन का समय मिलता है। खजाने के असली मालिक का इंतजार यदि इस अवधि में कोई वैध मालिक सामने नहीं आता और सोने का किसी अपराध से संबंध साबित नहीं होता, तो कानून के तहत इसे खोजने वाले मजदूरों और संपत्ति के मालिक के बीच बांटा जा सकता है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और सबसे बड़ा सवाल यही है 99 करोड़ के इस खजाने का असली हकदार आखिर कौन निकलेगा? ये भी पढ़ें: ईरान ने ट्रंप को दिया बड़ा झटका! 2029 तक नहीं खुलेगा होर्मुज, बातचीत से इनकार