उत्तर प्रदेशकानपुर

KANPUR NEWS : UP T20 में अनुशासन तोड़ने पर बड़ी कार्रवाई: अभिषेक गोस्वामी सस्पेंड, काशी-नोएडा के तीन खिलाड़ियों पर जुर्माना

ग्रीन पार्क में काशी रुद्रास-नोएडा किंग्स मैच के विवाद पर UPCA की सख्ती, अभिषेक गोस्वामी सस्पेंड और तीन खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया।

KANPUR NEWS : ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए UP T20 लीग के मैच नंबर-23 में काशी रुद्रास और नोएडा किंग्स के खिलाड़ियों के बीच हुए विवाद के बाद यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) और टूर्नामेंट प्रशासन ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में तीन खिलाड़ियों को दंडित किया गया है। इनमें काशी रुद्रास के अभिषेक गोस्वामी पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि अन्य दो खिलाड़ियों पर मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। UP T20 लीग और UPCA ने साफ कहा है कि क्रिकेट की गरिमा, निष्पक्ष खेल और पेशेवर आचरण से समझौता नहीं किया जाएगा। मैदान के अंदर या बाहर खेल की मर्यादा के विपरीत किसी भी व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


अभिषेक गोस्वामी पर एक मैच का प्रतिबंध

काशी रुद्रास के खिलाड़ी अभिषेक गोस्वामी के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है। पहले मामले में उन्हें आचार संहिता के क्लॉज 2.17 के तहत लेवल-3 अपराध का दोषी पाया गया। उन पर मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या अन्य व्यक्ति के प्रति धमकी देने या हमला करने से संबंधित नियम का उल्लंघन करने का आरोप है। इस गंभीर उल्लंघन के चलते अभिषेक गोस्वामी को एक मैच के लिए निलंबित कर दिया गया है। वह अब मैच नंबर-29, मेरठ मावेरिक्स बनाम काशी रुद्रास मुकाबले में नहीं खेल सकेंगे।


गाली-गलौज पर मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना

अभिषेक गोस्वामी पर दूसरा आरोप मैच के दौरान आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल करने का है। इसे आचार संहिता के क्लॉज 2.3 के तहत लेवल-1 अपराध माना गया। इस मामले में उन पर मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। वहीं काशी रुद्रास के ही खिलाड़ी ऋषभ राजपूत पर भी आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कार्रवाई हुई है। उन पर क्लॉज 2.5 के तहत लेवल-1 अपराध का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि उन्होंने मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने के बाद ऐसी भाषा, हरकत या इशारा किया, जिससे आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती थी। इस उल्लंघन के लिए ऋषभ राजपूत पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।


नोएडा किंग्स के कुणाल त्यागी भी दंडित

नोएडा किंग्स के खिलाड़ी कुणाल त्यागी के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। उन पर मैच के दौरान अंपायर के निर्देश का पालन नहीं करने का आरोप है। यह मामला आचार संहिता के क्लॉज 2.4 के तहत लेवल-1 अपराध की श्रेणी में आता है। इसके लिए कुणाल त्यागी पर भी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।


‘खेल की गरिमा से कोई समझौता नहीं’

UPCA मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने कार्रवाई को लेकर कहा कि यूपीसीए और UP T20 लीग खेल की ईमानदारी और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष खेल सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाए गए हैं और खेल की मर्यादा भंग करने वाले किसी भी व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा। खिलाड़ी खेल के प्रतिनिधि होते हैं और उनसे उच्च स्तर के पेशेवर आचरण की अपेक्षा की जाती है।

सभी खिलाड़ियों को दी गई कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी

टूर्नामेंट प्रशासन ने तीनों खिलाड़ियों को उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों और दंड की आधिकारिक जानकारी दे दी है। UPCA और UP T20 लीग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भविष्य में भी खेल भावना और अनुशासन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। कानपुर के ग्रीन पार्क में हुए इस मुकाबले के बाद कार्रवाई ने UP T20 लीग को साफ संदेश दिया है, मैदान पर प्रतिस्पर्धा स्वीकार्य है, लेकिन खेल की मर्यादा और अनुशासन से समझौता नहीं होगा।

ये भी पढ़ेंKANPUR NEWS : दरक रही 2800 साल पुरानी विरासत: कानपुर के जाजमऊ टीले का हिस्सा खिसका, गंगा में समाया; दहशत में कई परिवार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »