Bahraich Police Action: उत्तर प्रदेश के बहराइच में लंबे समय से गुम मोबाइल फोन की तलाश कर रहे लोगों के लिए पुलिस ने बड़ी खुशखबरी दी है। पुलिस और सर्विलांस टीम ने अभियान चलाकर 107 खोए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत 26 लाख 12 हजार 830 रुपये बताई गई है। IMEI से ट्रेस हुए मोबाइल पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थानों की टीमों ने मोबाइल बरामदगी के लिए कार्रवाई शुरू की थी। सर्विलांस टीम ने भारत सरकार के CEIR पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों पर नजर रखी और उनके IMEI नंबर ट्रेस किए। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस अलग-अलग स्थानों तक पहुंची और एक-एक कर मोबाइल बरामद करती गई। मालिकों को लौटाए मोबाइल बरामद मोबाइलों में Apple, Samsung, Vivo, Oppo, Tecno, Redmi और OnePlus समेत कई प्रमुख कंपनियों के फोन शामिल हैं। रविवार दोपहर पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लोगों ने पुलिस और सर्विलांस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए अपना फोन वापस दिलाने के लिए आभार जताया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी लाइन तनिष्क आर जामकर (आईपीएस) समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ये भी पढ़ें: 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़, 25 हजार का इनामी असलम गोली लगने से गिरफ्तार