KANPUR CRIME NEWS : महाराजपुर इलाके में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक कहानी सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय युवक पर आरोप है कि अपनी मामी से कथित प्रेम संबंधों के चलते उसने अपने ही मामा को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। मामा से विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने हथियार का इंतजाम किया और हत्या के इरादे से उनके घर तक पहुंच गया। लेकिन जब सामने मामा दिखे तो जिस हिम्मत के साथ वह घर पहुंचा था, वह अचानक जवाब दे गई। आरोपी के हाथ कांपने लगे और वह हत्या किए बिना ही वहां से निकल गया। पुलिस के मुताबिक, फतेहपुर के बिंदकी निवासी कृष्णा गुप्ता बुक स्टॉल चलाता है। आरोप है कि उसका अपनी मामी के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले मामा को दोनों के बीच फोन पर बातचीत की जानकारी हो गई। मामा ने पत्नी को कृष्णा से बात करते पकड़ लिया, जिसके बाद घर में विवाद हुआ। इसके बाद कृष्णा और उसके मामा के बीच भी कहासुनी हो गई थी। एक धमकी ने बदल दिया पूरा मामला डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, 14 अगस्त को कथित संबंधों को लेकर मामा-मामी के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान मामा ने कृष्णा को कुल्हाड़ी से काटने की धमकी दी। मामी ने फोन कर कृष्णा को यह बात बता दी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद कृष्णा ने मामा की हत्या करने की योजना बना ली। उसने गांव में रहने वाले उदय राज सैनी के जरिए रामादेवी चौराहे से एक युवक से 15 हजार रुपये में 315 बोर का तमंचा और कारतूस खरीदा। तमंचा लेकर मामा के घर पहुंचा हथियार लेने के बाद कृष्णा सरसौल स्थित मामा के घर पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, मामा उस समय घर की दूसरी मंजिल पर थे। कृष्णा तमंचा लेकर वहां पहुंचा। उसके पास मामा की हत्या करने का इरादा था, लेकिन ऐन वक्त पर वह घबरा गया। पुलिस के अनुसार, तमंचा हाथ में आते ही उसके हाथ कांपने लगे। उसने मामा को धमकी देने की बात कही, लेकिन गोली चलाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसके बाद मामी ने भी उसे वहां से चले जाने के लिए समझाया। कृष्णा घर से निकलकर कानपुर प्रयागराज हाईवे की तरफ चला गया। पुलिस के मुताबिक, वह अपने साथ मोबाइल भी नहीं ले गया था। उसने मोबाइल घर पर इसलिए छोड़ दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। पुलिस को देखकर भागने लगा, डिवाइडर पर चढ़ी बाइक इधर महाराजपुर पुलिस हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। नवोदय कट के पास दरोगा राममोहन मिश्र ने बिना नंबर की बाइक पर सवार एक युवक को देखा। युवक ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया तो वह बाइक लेकर भागने लगा। भागने के दौरान बाइक डिवाइडर पर चढ़ गई। पुलिस टीम ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा मिला। तमंचे के चेंबर में एक कारतूस फंसा था, जबकि जेब से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में खुला हत्या की साजिश का राज पुलिस ने जब कृष्णा से पूछताछ की तो उसके पास तमंचा होने की वजह सामने आ गई। पुलिस के मुताबिक, उसने मामा की हत्या की योजना बनाने और हथियार खरीदने की बात कबूल की। जांच में यह भी सामने आया कि वह पुलिस से बचने के लिए मोबाइल घर पर छोड़कर निकला था। डीसीपी पूर्वी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ महाराजपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले युवक और उदय राज सैनी की भूमिका की भी जांच कर रही है। ये भी पढ़ें : एनएसपी छात्रवृत्ति 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म आयकर एमटीएस, कर सहायक, स्टेनोग्राफर ऑनलाइन फॉर्म 2026