उत्तर प्रदेशबाँदा

बांदा मेडिकल कॉलेज में बड़ी लापरवाही? मृत नवजात को उठा ले गया कुत्ता

बांदा मेडिकल कॉलेज परिसर में मृत नवजात को कुत्ता उठा ले गया। पिता ने सुरक्षा कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। प्रिंसिपल ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Banda Medical College: उत्तर प्रदेश के बांदा मेडिकल कॉलेज परिसर में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां मृत पैदा हुए नवजात को कुत्ता उठा ले गया और उसे नोंचने लगा। घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने इस मामले में सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही का आरोप लगाया है।

रात में हुई चौंकाने वाली घटना

जानकारी के मुताबिक, बड़ोखर निवासी दिनेश प्रजापति की पत्नी गुड़िया को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। रात करीब 11:30 बजे महिला ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन नवजात मृत पैदा हुआ। इसके बाद रात लगभग 12:30 बजे बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दिनेश के मुताबिक, बच्चे को लेने के बाद वह मेडिकल कॉलेज परिसर में ही बैठा रहा। रात करीब ढाई से साढ़े तीन बजे के बीच उसकी आंख लग गई। इसी दौरान एक कुत्ता नवजात को उठाकर ले गया और उसे नोंचने लगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। बच्चे के पिता ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिसर में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटना होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने मांग की कि अस्पताल में निगरानी और सुरक्षा के इंतजाम मजबूत किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

प्रिंसिपल ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुनील कौशल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी पहले नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि मृत नवजात को नियमानुसार परिजनों के सुपुर्द किया जाता है, जिसके बाद परिवार अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम प्रक्रिया पूरी करता है। प्रिंसिपल के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

स्टाफ को मरीजों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच में यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- अभिषेक शुक्ला

ये भी पढ़ें: गाजीपुर में यातायात माह शुरू! सड़कों पर उतरी पुलिस, अब नियमों पर रहेगी पैनी नजर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »