Cricketer Deepak Chahar: भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन महंगे ‘प्लेयर एडिशन’ बैट चोरी हो गए हैं। इसकी जानकारी दीपक चाहर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी है। दीपक चाहर ने बताया कि शास्त्रीपुरम स्थित चाहर-डावर क्रिकेट अकादमी से अभ्यास के दौरान उनके बैट चोरी हो गए। उन्होंने कहा कि जिसने बैट चुराए हैं, उसे शायद इनकी कीमत का अंदाजा नहीं है। तीनों बैट करीब डेढ़ लाख रुपये के हैं। चोर इन्हें सस्ते में बेच देगा या फिर टेनिस बॉल से खेलेगा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर उसे पैसे की जरूरत थी तो उनसे ही मांग लेता, वह दे देते। उनका 49 सेकेंड का वीडियो अब चर्चा में है। भगवान से प्रार्थना करों, बैट चुराने वाले को सद्बुद्धि आए वीडियो में दीपक चाहर ने प्रशंसकों से पूछा कि अब उन्हें क्या करना चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके पास कई विकल्प हैं। वह पुलिस में शिकायत कर सकते हैं, योगी जी या मोदी जी के पास जा सकते हैं या फिर भगवान से प्रार्थना कर सकते हैं कि बैट चुराने वाले को सद्बुद्धि आए और वह बैट वापस कर दे। उन्होंने यह भी कहा कि बैट वापस करने पर वह चोर को पैसे देने के लिए तैयार हैं। इसके अलावा उन्होंने बैट निर्माता एसएस से नए बैट मांगने का विकल्प भी बताया। दीपक ने चोर को दिए तीन विकल्प दीपक ने कहा चोर के लिए तीन विकल्प हैं पुलिस में शिकायत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार अथवा भगवान से प्रार्थना कि चोर को समझ आए और बैट लौट आएं। अपील है कि बैट वापस कर दिए जाएं। वहीं उनके पिता व कोच लोकेंद्र चाहर ने बताया दीपक शनिवार शाम को अभ्यास के दौरान अपनी किट रखकर गेंदबाजी का अभ्यास कर रहे थे। एक घंटे बाद जब बैटिंग अभ्यास के लिए बैट लेने आए तो बैट वहां से गायब हो गया था। फिलहाल कार्रवाई के लिए कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो की चर्चा दीपक चाहर के इस अंदाज की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। वीडियो पर प्रशंसक अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग उन्हें पुलिस में शिकायत करने की सलाह दे रहे हैं तो कुछ उनकी बातों के मजेदार अंदाज पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। फिलहाल चोरी हुए तीनों बैट बरामद होने की जानकारी सामने नहीं आई है। तेज गेंदबाज और आईपीएल के स्टार हैं चाहर मूल रूप से आगरा के रहने वाले दीपक चाहर भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज होने के साथ ही IPL में अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। घरेलू क्रिकेट में राजस्थान से खेलने वाले दीपक चाहर ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में महज 7 रन देकर 6 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था। इसमें एक हैट्रिक भी शामिल थी। ये भी पढ़ें: गुलवीर का सिल्वर, विथ्या का रिकॉर्ड ब्रेक, भारत का धमाल बरकरार