उत्तर प्रदेश

गड्ढा खोद रहे मजदूर को सांप ने काटा, सांप को बोरी में बंद कर अस्पताल में इलाज करवाने पहुंचे मजदूर

घायल मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कर डॉक्टरों ने सांप की पहचान के आधार पर तुरंत एंटी-वेनम दिया। समय पर सही इलाज मिलने से उसकी हालत स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है।

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में रेलवे स्टेशन के पास गड्ढा खोदते समय एक मजदूर को सांप ने डस लिया। लेकिन इस घटना के बाद जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया। घायल के साथी ने सांप को पकड़कर बोरी में बंद किया और एंबुलेंस से उसी सांप को अस्पताल लेकर पहुंच गया, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर सही इलाज कर सकें।

सांप से मचा हड़कंप

इटावा के भदान रेलवे स्टेशन के पास गड्ढा खोदने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के गोपालपुर निवासी सादिक उल पुत्र मोहसिन अली के पैर में करीब दो फीट लंबे सांप ने काट लिया। सांप के डसते ही सादिक घबराकर जमीन पर गिर पड़ा। साथी मजदूरों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसी बीच एक साथी मजदूर ने साहस दिखाते हुए सांप को बोरी में पकड़कर बंद कर लिया और घायल के साथ एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले आया। अस्पताल में जैसे ही बोरी में सांप होने की जानकारी मिली, वहां मौजूद मरीजों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

सांप की पहचान से बची जान

जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर शिवम राजपूत ने बताया कि घायल का तुरंत उपचार शुरू किया गया। साथ लाए गए सांप की पहचान करने के बाद उसी के अनुरूप आवश्यक एंटी-वेनम दिया गया। फिलहाल युवक की हालत स्थिर है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि सांप की पहचान होने से इलाज करने में काफी आसानी हुई और समय पर उचित दवा दी जा सकी। घायल के साथी, जो रिश्ते में उसके बहनोई हैं, ने बताया कि सुबह काम के दौरान अचानक सांप ने सादिक के पैर में काट लिया। उन्हें सांप की प्रजाति की जानकारी नहीं थी, इसलिए सही उपचार के उद्देश्य से उसे बोरी में बंद कर अस्पताल लेकर आए, ताकि डॉक्टर पहचान कर उचित इलाज कर सकें।

ये भी पढ़ें: 15 दिन पहले जेल से छूटे आरोपी ने किया एक और खून, महिला की पीट-पीटकर हत्या का आरोप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »