Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के इटावा में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरदासपुरा गांव के पास तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के चार घायल मृतक की पहचान 25 वर्षीय रामबाबू पुत्र द्वारिका प्रसाद के रूप में हुई है। वह इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिलायता गांव का रहने वाला था। इस हादसे में उसका बड़ा भाई धीरज, मां और चाची भी घायल हो गईं। वहीं, ई-रिक्शा चालक धर्मेंद्र पुत्र मेवाराम निवासी रूरा पिलुआ मंदिर को भी गंभीर चोटें आई हैं। मां का इलाज कराकर लौट रहा था परिवार मृतक के बड़े भाई धीरज ने बताया कि सोमवार शाम उनकी मां का मोटरसाइकिल से एक्सीडेंट हो गया था। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। इलाज कराने के बाद सभी लोग ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। धीरज के मुताबिक, इस हादसे में उनके छोटे भाई रामबाबू की जान चली गई, जबकि मां, चाची और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए। रामबाबू एक निजी स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था। अस्पताल पहुंचने से पहले युवक ने तोड़ा दम जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. रवि कुमार ने बताया कि परिजन एक युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और घटना की सूचना पुलिस को भेज दी गई है। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। ये भी पढ़ें: गाजीपुर में यातायात माह शुरू! सड़कों पर उतरी पुलिस, अब नियमों पर रहेगी पैनी नजर