उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा में त्योहारों पर 12 दिन तक 24 घंटे दौड़ेंगी बसें! 305 बसों की जिम्मेदारी तय, ड्राइवरों की छुट्टियां रद्द

त्योहारों पर नोएडा में 6 से 17 नवंबर तक 305 बसें 24 घंटे चलेंगी। 900 अतिरिक्त फेरे लगेंगे। ड्राइवरों की छुट्टियां रद्द, कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Bus Service: त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दीपावली, भाई दूज और छठ के दौरान बसों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो ने विशेष तैयारी की है। परिवहन निगम ने 6 से 17 नवंबर तक बसों का संचालन बढ़ाने का फैसला किया है। इस दौरान दोनों डिपो की 305 बसें कुल 900 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। यात्रियों की संख्या अधिक होने पर रात में भी बसें चलाई जाएंगी।

24 घंटे बस सेवा

क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, दोनों डिपो की सभी 305 बसों को दुरुस्त करा लिया गया है। 12 दिनों तक यात्रियों को 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराने की तैयारी है। परिवहन निगम के निर्देशानुसार विशेष परिस्थितियों को छोड़कर कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द रहेंगी, ताकि त्योहारों के दौरान बस संचालन प्रभावित न हो।

इन शहरों के लिए मिलेगी बस सेवा

नोएडा डिपो से बुलंदशहर, हरिद्वार, कोटद्वार, बिजनौर, मथुरा, आगरा, देहरादून, एटा और सहारनपुर के लिए बसें उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा नोएडा से लखनऊ के लिए भी सीधी बस सेवा मिलेगी। अन्य लंबी दूरी के शहरों में जाने वाले यात्रियों को दिल्ली और गाजियाबाद के बस अड्डों से बस पकड़नी होगी।

ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

त्योहारों के दौरान बिना छुट्टी काम करने वाले चालक और परिचालकों के लिए प्रोत्साहन राशि तय की गई है। संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 11 दिन ड्यूटी करने और प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस चलाने पर 4,400 रुपये मिलेंगे। वहीं, 12 दिन ड्यूटी करने पर 4,800 रुपये दिए जाएंगे। ई-बस चलाने वाले नियमित और संविदा चालकों को 11 दिनों में 3,300 किलोमीटर संचालन पूरा करने पर 1,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। कार्यशाला कर्मचारियों को 11 दिन ड्यूटी पर 2,100 रुपये और 12 दिन काम करने पर 2,500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ के बीच अब देखना होगा कि परिवहन निगम की यह व्यवस्था लोगों को कितनी राहत दे पाती है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का खतरनाक स्तर! नोएडा में AQI 404, दिल्ली 451 पहुंचा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »