Greater Noida PNB Scam: ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB), पीआई-1 शाखा में कथित घोटाले को लेकर किसानों और पीड़ित खाताधारकों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज हो रहा है। सोमवार को धरने का नौवां दिन रहा। इस दौरान बैंक के बाहर बड़ी महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें किसानों के साथ कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। पैसे वापसी का इंतजार जारी महापंचायत में पीड़ित खाताधारकों ने बैंक प्रबंधन और मामले की जांच में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना है कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मेहनत की कमाई वापस नहीं मिली है। लगातार इंतजार के बावजूद राहत नहीं मिलने से पीड़ितों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कोर्ट जाने की सलाह से बढ़ी नाराजगी महापंचायत में उस समय लोगों का आक्रोश और बढ़ गया, जब पीड़ित खाताधारकों को अपनी रकम वापस पाने के लिए अदालत का रुख करने की सलाह दिए जाने का मुद्दा उठा। पीड़ितों का सवाल है कि जब बैंक में उनकी जमा पूंजी सुरक्षित नहीं रही तो अपनी शिकायत लेकर आखिर वे कहां जाएं? लोगों ने मांग की कि मामले में जल्द कार्रवाई हो और उनकी रकम वापस दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। दिवाली से पहले पैसों की वापसी की मांग किसानों ने कहा कि दिवाली का त्योहार नजदीक है, लेकिन लोग अपने ही पैसों के लिए बैंक के बाहर धरना देने को मजबूर हैं। कई परिवारों की जमा पूंजी इस मामले में फंसी हुई है, जिससे उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं। महापंचायत के जरिए पीड़ितों ने एक बार फिर जल्द से जल्द पैसे वापस दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। फिलहाल नौ दिनों से जारी धरना खत्म नहीं हुआ है और खाताधारक अपनी मांगों को लेकर बैंक के बाहर डटे हुए हैं। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: नोएडा में लिफ्ट गैंग का पर्दाफाश! पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, दो को लगी गोली