Noida Crime News: नोएडा के सेक्टर-63 में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने लिफ्ट गैंग के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनमें से दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चाकू और चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। सेक्टर-63 में पुलिस मुठभेड़ पुलिस के मुताबिक, 1/2 नवंबर की रात सेक्टर-62 गोल चक्कर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बहलोलपुर अंडरपास के पास ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर बदमाश घिर गए। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया गया। चारों बदमाशों की हुई पहचान घायल आरोपियों की पहचान विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (27), निवासी मीठापुर, दिल्ली और राजेश उर्फ ढेढा (38), निवासी बसई, फेस-3 के रूप में हुई है। वहीं, कॉम्बिंग के दौरान पकड़े गए अन्य दो आरोपियों की पहचान शंकर शर्मा (20), निवासी सुत्याना, ईकोटेक-3 और कपिल कश्यप (20), निवासी बसई, फेस-3 के रूप में हुई है। लिफ्ट देने के बहाने करते थे लूटपाट पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी लिफ्ट गैंग के सदस्य हैं। ये लोग रास्ते में लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे। इसके बाद मौका देखकर उनके साथ लूटपाट करते और उन्हें किसी सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो जाते थे। आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो चाकू और चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। इनमें बुलेट बाइक थाना फेस-3 और अपाचे बाइक थाना सेक्टर-49 क्षेत्र से चोरी की गई थी। किस पर कितने मुकदमे दर्ज? पुलिस के अनुसार, विकास पर लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर समेत 22 मुकदमे दर्ज हैं। राजेश के खिलाफ 18 और शंकर पर 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, कपिल के खिलाफ दिल्ली के धौला कुआं थाने में भी मामला दर्ज है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस गैंग के अन्य संभावित सदस्यों और आरोपियों से जुड़ी दूसरी लूट की वारदातों की जानकारी जुटा रही है। ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में बकरा चोर गैंग से मुठभेड़, 15 मुकदमों वाला बदमाश गिरफ्तार