उत्तर प्रदेशनोएडा

ग्रेटर नोएडा में बकरा चोर गैंग से मुठभेड़, 15 मुकदमों वाला बदमाश गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में बकरा चोर गैंग से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश घायल गिरफ्तार, दूसरा फरार। आरोपी पर 15 मुकदमे दर्ज, दिल्ली-NCR में कई वारदातों का खुलासा।

Greater Noida Police Action: ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बकरा चोर गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में इलाके में कॉम्बिंग कर रही है।

प्यावली डैम पर मुठभेड़

एडीसीपी संतोष कुमार के मुताबिक, पुलिस टीम प्यावली डैम के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि दोनों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो एक बदमाश बाइक से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

संभल का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश की पहचान कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू निवासी जगन्नाथपुर गांव, थाना गुन्नौर, जिला संभल के रूप में की है। उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा चोरी किए गए बकरे बेचकर मिले 7,560 रुपये भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

रेकी के बाद रात में करते थे चोरी

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित बकरा चोर गैंग चलाता था। गैंग के सदस्य पहले मोटरसाइकिल से अलग-अलग इलाकों में घूमकर उन स्थानों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में बकरे रखे जाते थे। इसके बाद रात में चार पहिया वाहन से पहुंचकर बकरे चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए बकरों को दिल्ली में बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।

15 मुकदमों में आरोपी का नाम

पुलिस के अनुसार, गैंग ने गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल समेत दिल्ली-NCR के कई इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी, अवैध हथियार, गोवध और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें जारचा थाने में वर्ष 2026 के बकरा चोरी के दो मामले भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की तलाश के साथ गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

ये भी पढ़ें: नोएडा में पूर्व सांसद आरके सिन्हा का निधन, 1974 में खड़ी की थी SIS ग्रुप की नींव

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »