उत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत, बेटे ने लाठी से पीटकर पिता की ली जान

हमीरपुर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बेटे ने लाठी से हमला कर पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, आरोपी गिरफ्तार है।

Reported by Ashutosh Dixit and edited by Shagun Chaurasia

Hamirpur Crime News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह मोड़ ले लिया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। राठ कस्बे के अतरौलिया मोहल्ले में बेटे पर अपने ही पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरा मामला

मृतक की पहचान 60 वर्षीय शिवराम अहिरवार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चिकासी थाना क्षेत्र के टोला खंगारन गांव के निवासी थे। वह कई वर्षों से अपने परिवार के साथ राठ में रह रहे थे और रोडवेज बस स्टैंड के पास गन्ने के जूस की दुकान लगाकर परिवार का गुजारा करते थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम उनका बेटा नरेश चौधरी रिक्शा चलाने के बाद घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नरेश ने गुस्से में आकर पिता पर लाठी से हमला कर दिया।

पुलिस ने दी जानकारी

हमले में शिवराम गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

ये भी पढ़ें: आपसी रंजिश के चलते युवक पर ससुरालियों ने किया हमला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »