उत्तर प्रदेश

गुरु पूर्णिमा मेले में चोरी की थी तैयारी, उससे पहले ही पुलिस ने दबोचा गैंग, 3 बदमाश गिरफ्तार

कन्नौज में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतर्राज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार हुए। एक आरोपी घायल हुआ। पुलिस ने 37 चोरी के मोबाइल, 9 आईफोन, हथियार और बाइक बरामद की।

Reported by Pankaj Kumar and edited by Shagun Chaurasia

Kannauj Police Encounter: उत्तर प्रदेश के कन्नौज पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए सौरिख थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतर्राज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान भागने का प्रयास कर रहा एक अभियुक्त पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तारी

कन्नौज जिले के सौरिख थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौधरी अपनी पुलिस टीम के साथ ऋषिभूमि तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से आ रहे तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजीव नामक अभियुक्त घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

37 मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 चोरी के मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की एक पल्सर मोटरसाइकिल, तीन अवैध तमंचे, छह जिंदा कारतूस और छह खोखा कारतूस बरामद किए हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अन्य राज्यों के भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी कर उन्हें बेचने का काम करते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गुरु पूर्णिमा मेले में मोबाइल चोरी करने की योजना से तिर्वा और कन्नौज आ रहे थे।

चोरी नेटवर्क की जांच

बरामद मोबाइलों की जांच में दिल्ली, नोएडा के थाना सेक्टर-39 तथा पीलीभीत से कई मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों से उनका संबंध सामने आया है। अन्य मोबाइलों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।इस मामले में थाना सौरिख पर मु0अ0सं0 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 317(2), 317(4), 3(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हमारे थानाध्यक्ष सौरिख नागेन्द्र सिंह और उनकी टीम आज सुबह चेकिंग कर रही थी, जिसमें तीन अन्तर्राज्यीय गैंग के शातिर चोर और लुटेरे मिले, जिनको पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इसमें पुलिस मुठभेड़़ में एक अभियुक्त है राजीव गिहार जो इटावा का रहने वाला है, उसके पैर में गोली लगी है और वह घायल हुआ है उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है इसमें से एक साहिल है जो शिवसागर फिरोजाबाद का रहने वाला है और दूसरा मैनपुरी का रहने वाला है।

लाखों की रिकवरी

इनके कब्जे से 37 मोबाइल बरामद हुए है, जिसमें से 9 आईफोन है और उनकी कीमत करीब 22 लाख रूपए है। इनके अपराधिक इतिहास के बारे मे जानकारी की गई तो चोरी, लूट, अवैध असलहा, गैंगेस्टर जैसे लगभग एक दर्जन से ज्यादा मुकदमें इनपर दर्ज है और इनकी जब पूछताछ की गई तो जहाॅं पर भीड़भाड़, मेला आदि आयोजन होते हैं वहाॅं पर यह जाते है और वहाॅं से मोबाइलों की विशेषकर चोरी करते है और उसके पार्ट्स बना करके अलग करके जो महंगे मोबाइल होते है उनको बेंचते है, जिससे यह पकड़े न जा सके। तो यह एक अच्छी रिकवरी है, एक अच्छा गैंग है जो हमारी पुलिस टीम ने इनको पकड़ा है और इसके विरूद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है, उनको रिमांड पर भेजा गया है।

ये भी पढ़ें: संसद में राहुल गांधी का हमला, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, RSS और सरकार पर भी साधा निशाना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »