------ KANPUR NEWS : बिधनू थाना क्षेत्र में 29 वर्षीय विवाहिता सुमन उर्फ गुड़िया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लंबे समय से चली आ रही कथित प्रताड़ना, मारपीट, गाली-गलौज, पैसों और जेवरात को लेकर विवाद के साथ बच्चों के भविष्य की चिंता का जिक्र बताया जा रहा है। वहीं, मायकेवालों ने मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति और ससुरालवालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। नौ साल पहले हुई थी शादी, 10 लाख की मांग का आरोप सुमन के पिता नवाब सिंह, कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र के रैपालपुर गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि करीब नौ साल पहले सुमन की शादी बिधनू के गुरु का पुरवा निवासी बस चालक इंद्रजीत से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही प्लॉट खरीदने के नाम पर ससुराल पक्ष ने 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी थी। मांग पूरी न होने पर बेटी के साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों का दावा है कि करीब सात साल पहले भी दहेज को लेकर सुमन के साथ मारपीट की गई थी और उसे नहर में फेंकने का प्रयास किया गया था। बाद में रिश्तेदारों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। मई में मायके आई थी, जुलाई में लौटी ससुराल परिजनों के मुताबिक, विवाद दोबारा बढ़ने पर 19 मई को सुमन के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इसके बाद मायके वाले उसे दोनों बच्चों समेत अपने साथ ले गए थे। पति की ओर से दोबारा मारपीट नहीं करने का भरोसा मिलने के बाद 28 जुलाई को सुमन को वापस ससुराल भेजा गया था। परिजनों का कहना है कि सोमवार को पड़ोसियों ने फोन कर सुमन के फंदे पर लटके होने की जानकारी दी। परिवार के पहुंचने पर दोनों बच्चे भी घर में मौजूद थे। पिता का दावा है कि बच्चों ने सुबह स्कूल जाने से पहले पिता द्वारा मां के साथ मारपीट किए जाने की बात बताई। फटे कपड़ों से गहराया शक घटनास्थल पर सुमन के कपड़े फटे मिलने की बात सामने आने के बाद मायकेवालों ने हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया। सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और कथित सुसाइड नोट बरामद किया। नोट के कुछ हिस्से फटे होने की भी बात कही जा रही है। जेवर, पैसों और बच्चों के भविष्य का जिक्र कथित सुसाइड नोट में सुमन ने कुछ लोगों पर उसे परेशान करने, गाली-गलौज करने और जेवरात व रुपये ले जाने के आरोप लगाए हैं। नोट में चेन, हार, कंगन और मंगलसूत्र समेत अन्य सामान का उल्लेख बताया गया है। उसने अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए उनका पैसा और सामान उन्हें वापस दिलाने की अपील की। नोट के अंतिम हिस्से में कथित तौर पर सुमन ने लिखा कि वह करीब नौ साल से सब कुछ सहती आ रही थी, लेकिन अब और नहीं सह पा रही थी। उसने कथित रूप से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सुसाइड नोट, घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। ये भी पढ़ें : पथराव-धमकी के आरोपी की निकली हेकड़ी! गुजैनी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को दबोचा, सड़कों पर कराया पैदल मार्च ----