उत्तर प्रदेशकानपुर

धर्म परिवर्तन के बाद उत्पीड़न का आरोप, पीड़ित परिवार ने DCP कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

कानपुर में एक परिवार ने बेटी के धर्म परिवर्तन के बाद उत्पीड़न, मारपीट और धमकियों का आरोप लगाया। डीसीपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

Kanpur News: उत्तर प्रदेश में कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित मछरिया इलाके से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। एक परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन के बाद से उन्हें लगातार सामाजिक उत्पीड़न, मारपीट और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। इन आरोपों के संबंध में परिवार ने डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

धर्म परिवर्तन का विवाद

परिवार के मुखिया रशीद अहमद के अनुसार, उनकी बड़ी बेटी हिना ने वर्ष 2018 में अपनी इच्छा से प्रेम विवाह किया था। विवाह के उपरांत उसने हिंदू धर्म स्वीकार कर लिया। परिवार का आरोप है कि इसके बाद से कुछ स्थानीय लोगों ने उस पर पुनः इस्लाम स्वीकार करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर कथित रूप से परिवार के सदस्यों को कई बार प्रताड़ित किया गया।

परिवार ने लगाए आरोप

5 सितंबर 2021 को उनके घर पर हमला और पथराव किया गया, जिसमें उनकी बेटी गुलफ्शां गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान लगभग पंद्रह दिन बाद उसकी मृत्यु हो गई। परिवार का आरोप है कि उस समय शिकायत दर्ज कराने के बावजूद आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद 16 अक्टूबर 2022 को भी परिवार पर कथित हमले का आरोप लगाया गया। इस घटना में उनके बेटे का हाथ टूटने की बात कही गई है। परिवार का दावा है कि पुलिस द्वारा तत्काल प्राथमिकी दर्ज न किए जाने के कारण उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस कार्रवाई पर सवाल

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि 4 अगस्त को एक बार फिर उनके बेटे कासान के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी कथित रूप से हाथापाई की गई। उनका कहना है कि इस संबंध में स्थानीय थाने में शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद परिवार ने डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत सौंपी और सुरक्षा के साथ निष्पक्ष जांच की मांग की।

जिसके बाद मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर विधिक प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामले में लगाए गए सभी आरोप जांच के अधीन हैं। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढ़ें: कानपुर में नकली हल्दी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5.86 लाख का स्टॉक जब्त

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »