Weather Update: देश के कई राज्यों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश ने दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और असम तक जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत 15 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और भूस्खलन जैसी स्थितियां सामने आई हैं। दिल्ली-NCR में जलभराव से थमी रफ्तार राजधानी दिल्ली में सुबह से हुई तेज बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भरने से लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और वाहन चालकों को लंबे ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा। बीते 24 घंटों में राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं, गुरुग्राम में भी भारी वर्षा के कारण हालात चुनौतीपूर्ण रहे। शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी संस्थानों और कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है, ताकि सड़कों पर दबाव कम हो सके। हाड़ों में भूस्खलन से बंद हुए सैकड़ों रास्ते उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इसके चलते दोनों राज्यों में 250 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बाधित हो गया है और सड़कें खोलने के लिए राहत एवं मरम्मत कार्य जारी है। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में भी भारी बारिश का असर बागवानी पर पड़ा है। सेब के बागों को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। असम में बाढ़ का संकट बरकरार पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण लाखों लोग प्रभावित हैं। राज्य के कई जिलों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, मौसम संबंधी सलाह का पालन करने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। ये भी पढ़ें: हरिद्वार में बढ़ा गंगा का जलस्तर! कांवड़ यात्रा के बीच खतरे के निशान के करीब पहुंची नदी