Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर व्यापारियों ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में व्यापारी सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर के बाहर जमीन पर बैठ गए और हाथों में स्टील की कटोरियां लेकर नगर निगम के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। व्यापारियों ने पोस्टर-बैनर के साथ प्रदर्शन करते हुए सड़क पर बने गड्ढों की समस्या को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। खस्ताहाल सड़कों से परेशानी व्यापारियों का कहना था कि शहर की सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। व्यापारियों के मुताबिक खराब सड़कों के कारण बाजारों में आने वाले ग्राहकों की संख्या भी प्रभावित हो रही है। कटोरा लेकर व्यापारियों का प्रदर्शन प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के चलते अब उन्हें विरोध के लिए कटोरा लेकर बैठने को मजबूर होना पड़ा है। व्यापारियों ने नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर शहर के गड्ढों को जल्द भरवाने और सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ये भी पढ़ें: पारिवारिक विवाद में खूनी खेल, भाई का बदला लेने पहुंचे देवर ने महिला को गोली मारी